सोमवार, अगस्त 11, 2025 11:29 पूर्वाह्न IST

भारत जीता, सीरीज में की शानदार वापसी

महाराष्ट्र। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गये दूसरे मैच में टीम इंडिया ने 6 विकेट से मैच जीत लिया। पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) स्टेडियम में 3 मैचों की सीरीज का दूसरा मैच खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुये भारत को 231 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में उतरी टीम इंडिया ने 6 विकेट से मैच जीत लिया। धवन 68 और कार्तिक ने नाबाद 64 रन बनाये। इस मैच के लिये मैन ऑफ द मैच भुवनेश्वर कुमार चुने गये। उन्होंने 3 विकेट लेकर न्यूजीलैंड के कमर तोड़ दिये।
न्यूजीलैंड के दिये लक्ष्य का पीछा करने के लिये टीम इंडिया की ओर से रोहित शर्मा और शिखर धवन ओपनिंग करने आये। इस दौरान रोहित महज 7 रन बनाकर टिम साउदी की गेंद पर कोलिन मुनरो को कैच थमा बैठे। वहीं इसके बाद बैटिंक करने आये विराट कोहली भी 29 रन बनाकर आउट हो गये। टीम के ओपनर बल्लेबाज धवन 68 रन बनाकर मिलने की गेंद पर आउट हुये। इसके बाद हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी करने आये। लेकिन वो भी 30 रन बनाकर आउट हो गये। अंत में दिनेश कार्तिक के साथ महेन्द्र सिंह धौनी क्रीज पर जमे रहे। कार्तिक ने नाबाद 64 रन बनाये। वहीं धौनी 18 रन बनाकर नाबाद रहे।

गुजरात में महासंग्राम का हुआ ऐलान

9 और 14 दिसंबर को होगा मतदान, 18 दिसंबर को आयेगा परिणाम

गुजरात। गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया। चुनाव आयोग इस बार मतदान के दौरान वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल करेगा। मतदान 9 और 14 दिसंबर को होगा, जबकि 18 दिसंबर को परिणामो की घोषाणा होगी।
स्मरण रहें कि चुनाव आयोग हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की पहले ही घोषणा कर चुका है और वहां भी सभी सीटों पर मतगणना 18 दिसंबर को ही होनी है। हिमाचल में चुनाव एक चरण में नौ नवंबर को होने हैं। गुजरात में दो चरणों में चुनाव होंगे। 9 दिसंबर को पहला चरण का चुनाव होगा जिसमें 89 सीटों पर मतदान होगा। जबकि दूसरे चरण का चुनाव 14 दिसंबर को होगा, इसमें 93 सीटों पर वोटिंग होगी।
गुजरात में इस बार 4 करोड़ 33 लाख वोटर हैं। गुजरात चुनाव में इस बार वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल होगा। इन मशीनों के जरिए वोटिंग की पर्ची भी निकलती है। गुजरात में 50 हजार 128 पोलिंग बूथ है।
जानिए, गुजरात का गणित
गुजरात में कुल सीटों की संख्या 182 है, 2012 के विधानसभा चुनाव के परिणाम पर नजर डालें तो बीजेपी को 115, कांग्रेस को 61 और अन्य को 6 सीटें मिली थीं. 2012 के वोट फीसद की बात करें तो बीजेपी को 48%, कांग्रेस को 39% और अन्य को 13 फीसदी वोट मिले थे। गुजरात में लोकसभा की 26 सीटें हैं। बीजेपी के खाते सभी 26 सीटें आईं और 60 फीसदी वोट भी बीजेपी को मिला। कांग्रेस को 33 फीसदी वोट तो मिला लेकिन पार्टी उसे सीटों में तब्दील नहीं कर पाई। वहीं के अन्य के खाते में सात फीसद वोट आए थे।

मायके से विवाहिता का अपहरण

मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के अखाड़ाघाट रोड से एक विवाहिता का अपहरण कर लिया गया। उसकी मां ने मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें विवाहिता के पूर्व चालक यूपी के बाराबंकी के वेद प्रकाश, उसके पिता कन्हैया लाल, बहनोई पवन कुमार निषाद व मां नीलम देवी को आरोपित किया है। घर से डेढ़ लाख के जेवर व दो लाख रुपये नकद के साथ विवाहिता के अपहरण का आरोप लगाया है। बताया कि दीपावली व छठ में शामिल होने के लिए बेटी मायके आई थी। दीपावली के दिन में वे खरीदारी करने बाजार चले गए। इधर, बेटी घर में अकेली थी। लौटने पर देखा कि बेटी गायब है और आलमीरा खुला था। उसमें रखा जेवर व नकदी भी गायब था।

जादूगरी के आरोपित पर हसुली से हमला

मुजफ्फरपुर। सकरा थाना के मड़वन गांव में जादू-टोना का आरोप लगा कर देर रात हसुली से हमला कर रंजीत मांझी को घायल कर दिया गया। घायल युवक को सकरा अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिंताजनक हालत में एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया है। बुधवार को अहियापुर पुलिस को दिए गए बयान में उसने चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया है। इनमें मो. जहीर खां, सोनी मांझी, विलास मांझी व मनोज मांझी शामिल हैं।

लोक आस्था के महापर्व छठ का वैज्ञानिक महत्व

लोक आस्था का महापर्व छठ कार्तिक शुक्ल पक्ष के षष्ठी को मनाया जाने वाला एक हिन्दू पर्व है। यह अनुपम लोकपर्व मुख्य रूप से पूर्वी भारत के बिहार, झारखण्ड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाता है। छठ पर्व को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो षष्ठी तिथि को एक विशेष खगोलीय परिवर्तन होता है, इस समय सूर्य की पराबैगनी किरणें (Ultra Violet Rays) पृथ्वी की सतह पर सामान्य से अधिक मात्रा में एकत्र हो जाती हैं। इस कारण इसके सम्भावित कुप्रभावों से मानव की यथासम्भव रक्षा करने का सामर्थ्य प्राप्त होता है। कहतें हैं कि सूर्य और तारा का प्रकाश पराबैगनी किरण के हानिकारक प्रभाव से जीवों की रक्षा के लिए इस पर्व को मनाने की परंपरा रही है

न्यूट्रॉन तारों के टक्कर से खुलेगा ब्रह्मांड के निर्माण का रहस्य

वाशिंगटन। भले ही पूरी तरह से स्पष्ट न हो लेकिन ऐसा संकेत मिला है कि ब्रह्मांड के भीतर एक बड़ी टक्कर हुई है और यह जल्द ही ब्रह्मांड की उत्पत्ति के रहस्यों से पर्दा हटाने का काम करेगा। इससे यह भी पता चलेगा कि सोने का निर्माण कैसे हुआ। दुनियाभर के खगोल वैज्ञानिकों ने इस संकेत पर नजर गड़ाये बैठे है। दूरबीनों में कैद यह संकेत वैज्ञानिकों को अगस्त में मिला था जिसका खुलासा सोमवार को हुआ है। इसमें पता चला है कि दो न्यूट्रॉन तारों के बीच काफी पहले टक्कर हुई थी। इस घटना को कैलीफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के डेविड एच रिट्ज ने ‘ ब्रह्मांड में पटाखों का भव्य प्रदर्शन’ बताया।
टक्कर से पैदा हुए प्रकाश और निकली ऊर्जा ने वैज्ञानिकों को इसकी व्याख्या करने में मदद की कि किस प्रकार गामा किरणों का विस्फोट होता है और किस तेजी से ब्रह्मांड का विस्तार हो रहा है तथा प्लेटिनम और सोने जैसे भारी तत्व कहां से आए।

आगरा एक्सप्रेस-वे पर आज गरजेगा एयरफोर्स का विमान

उत्तर प्रदेश। लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर भारतीय वायुसेना के विमान मंगलवार सुबह उड़ान भरने (टेकऑफ) और उतरने (लैडिंग) का अभ्यास करके दुश्मनो के कपाट पर सिलबटें पैदा कर देगी। वैसे तो इस तरह का अभ्यास पिछले साल भी हो चुका है लेकिन इस बार की खासियत यह रही कि इस बार अभ्यास करने वाले वायुसेना के कुल 17 विमानों में परिवहन विमान (एएन 32) भी शामिल रहेगा।
रक्षा मंत्रालय केंद्रीय कमान की जनसंपर्क अधिकारी गार्गी मलिक सिन्हा के मुताबिक भारतीय वायुसेना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे उन्नाव जिले के निकट यह अभ्यास करेगी। इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के 17 विमान, लड़ाकू और परिवहन, हिस्सा लेंगे। इनमें मिराज 2000, जगुआर, सुखोई 30 और एएन-32 परिहन विमान शामिल है। युद्ध जैसी आपातकालीन स्थिति में सड़कों पर ही विमानों को उतारने और उड़ान भरने के लिए पायलटों को तैयार करने के लिए यह अभ्यास किया जा रहा है। कल के अभ्यास में परिवहन विमानों के साथ साथ लड़ाकू जेट भी शामिल होंगे।

भूकंप की जानकारी देगी नई टेक्नोलॉजी

लंदन। भूकंप का पूर्वानुमान लगाना अब नामुमकिन नही रहेगा। वैज्ञानिकों ने अब एक ऐसी ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रणाली विकसित की है जो भूकंप का पूर्वानुमान लगा सकती है। प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की यह प्रगति प्राकृतिक आपदाओं के लिए तैयार रहने और जीवन बचाने की संभावना में मददगार साबित हो सकती है। अध्ययन में एक छुपे हुए संकेत की पहचान की गई जो भूकंप आने की सूचना देता है। इस संकेत का इस्तेमाल अल्गोरिद्म समझने वाली मशीन को तैयार करने के लिए किया गया जो अल्गोरिद्म की मदद से, भविष्य में आने वाले भूकंपों का पूर्वानुमान लगा सकती है।
ब्रिटेन के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय और अमेरिका के बोस्टन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने भूकंपों के परस्पर प्रभाव, इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया, जिससे भूकंप का पूर्वानुमान लगाने का तरीका विकसित किया जा सके। शोधकर्ताओं ने बताया कि अल्गोरिद्म समझने वाली मशीन, भूकंप आने से कई घंटे पहले सुनाई दी जाने वाली आवाज की पहचान कर सकती है, जिसे अब तक केवल शोर ही समझा जाता था। इस आवाज के पैटर्न के जरिए यह समझा जा सकता है कि भूकंप आने में कितना समय बचा है। साथ ही इसकी तीव्रता का अनुमान भी लगाया जा सकता है। यह अध्ययन जियोफिजिकल रिव्यू लेटर्स में प्रकाशित हुआ है।

बिहार के बच्ची का लाश अमेरिका में मिला

बिहार। बिहार के नालंदा मदर टेरेसा अनाथ सेवा आश्रम तीन साल की बच्ची सरस्वती उर्फ शेरिनी मैथ्यूज की अमेरिका में लाश मिला है। अमेरिका के टेक्सास प्रांत निवासी दंपती ने दूध नहीं पीने पर बच्ची को घर से बाहर निकाल दिया था। उसके बाद से बच्ची गायब थी। सोमवार को बच्ची के शव मिलने की सूचना अनाथ सेवा आश्रम के लोगों को मिली है।
नालंदा मदर टेरेसा अनाथ सेवा आश्रम ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वहां की पुलिस ने एक कंकाल बरामद किया है। बरामद कंकाल गायब बच्ची के होने की संभावना जतायी गयी है। उन्होंने कहा कि बच्ची को गोद लेने वाले दंपती के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। दोषी दंपती को भारत में लाकर सजा दी जाए। बच्ची को गोद लेते समय दंपती ने बड़े-बड़े वायदे किये थे। अच्छे ढंग से रखने की बात कही थी।
बताया गया कि नालंदा के तत्कालीन एसपी कुमार आशीष, उनकी पत्नी देवयानी व बाल संरक्षण इकाई की निदेशक नेहा नुपूर की मौजूदगी में बच्ची को अमेरिकन दंपत्ती को सौंपा गया था। अध्यक्ष ने बताया कि गोद लेने के बाद दंपती ने सरस्वती का नाम शेरिन मैथ्यूज रखा था। दत्तक पिता वेसिली मैथ्यूज मूलत: भारत के एर्नाकुलम के निवासी हैं।

इसाई धर्म प्रचारक करता था महिलाओं का यौन शोषण

प्रेयर के नाम पर फांसता था महिलाओं को

बिहार। पटनासिटी के गुलजारबाग क्षेत्र में ईसाई धर्म प्रचारक यानी पास्टर के द्वारा धर्मिक बात बताने की आर में महिलाओं के साथ बलात्कार करने का शर्मनाक खेल उजागर हुआ है। बहरहाल, महिला थाने की पुलिस ने पास्टर चंद्रमा राज को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से रोहतास का रहने वाला है। फिलहाल दो महिलाओं ने पास्टर पर रेप का इल्जाम लगाया है जिनमें से एक ने एफआईआर दर्ज करवाई है।
पीड़ित महिलाओं ने खुलासा किया है कि पास्टर अब तक तकरीबन 24 महिलाओं के साथ गलत कर चुका है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इधर, रविवार शाम पास्टर की गिरफ्तारी के बाद महिला थाने में जमकर हंगामा हुआ। कुछ महिलाएं पास्टर के पक्ष में थाने पहुंचीं थीं। उनका कहना था कि पास्टर को गलत तरीके से फंसाया गया है।
प्रेयर के नाम पर महिलाओं का करता था यौन शोषण
पास्टर प्रेयर के नाम पर महिलाओं को बुलाता था। शुरुआती दौर में महिलाओं से मीठी-मीठी बात कर उन्हें अपने जाल में फांसता था। इसके बाद महिलाओं का दुख-दर्द जानकर उन्हें उसका निवारण करने का दावा करता था। पीड़ित महिलाओं की मानें तो पास्टर महिलाओं को अकेले में बुलाता था।
केस करने से डर रही थीं महिलाएं
पीड़ित महिलाएं पास्टर के खिलाफ केस करने से डर रही थीं। तब उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता अर्चना राय भट्ठ से मुलाकात की। अर्चना ने महिलाओं से बात की फिर पीड़ितों को आगे आने को कहा। वे महिलाओं को थाने तक ले गईं। पहली बार 23 सितंबर को यह मामला सामने आया था। आठ अक्तूबर को एक महिला के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद से ही पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई थी।
मिठाई खिलाकर करता था महिला को बेहोश
महिलाओं का आरोप है कि पास्टर उन्हें धार्मिक बातें सुनाने के बाद मिठाई खिलाता था। इसके बाद वे बेहोश हो जाती थीं। जिन महिलाओं के साथ पारिवारिक परेशानी होती थी पास्टर उनसे पर्सनल प्रेयर करने की बात कहता था। इसके बाद पटनासिटी के गुलजारबाग स्थित अपने कमरे पर बुलाता था। यहां रेप करने के बाद वह महिलाओं को उल्टी-सीधी बात समझाकर चुप कर देता था। इस पूरे प्रकरण में एक अन्य महिला का नाम सामने आ रहा है जो पास्टर की करीबी है। वह महिलाओं को फंसाकर पास्टर के पास लाया करती थी।

ट्रेन की चपेट में आकर चार छठब्रतियों की मौत

भागलपुर। मुंगेर के धरहरा-दशरथपुर रेलखंड स्थित अमारी रेलवे गुमटी के पास दानापुर भागलपुर इंटरसिटी ट्रेन के चपेट मे आने से कटकर चार महिलाओं की मौत हो गई । मृतक मे रेखा देवी 35 पति किरणदास गीता देवी 42 वर्ष पति रमेश दास, अनिता देवी 40 पति सतीश दास, विजो देवी 47 पति दिलीप कुमार यादव। हादसे में गंभीर रूप से घायलो में लुखो देवी, मनोज दास सहित दर्जन भर लोग शामिल है । लोगो का कहना है कि ट्रेन ड्राइवर के द्वारा हार्न नही बजाया गया। कुहासे के कारण ट्रेन दिखाई नही पङा। घटना सुबह सात बजे की है। ग्रामीणो ने आक्रोशित होकर श्रमिक ट्रेन को रोक कर रेल परिचालन बंद कर दिया।

बाइक व कार की टक्कर में तीन जख्मी

मुजफ्फरपुर। मीनापुर थाना के मुकसुदपुर हाई स्कूल के पास एनएच 77 पर रविवार की देर रात कार व बाइक की टक्कर में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। एक युवक का पैर कार में फंस गया जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। सूचना पर पहुंची मीनापुर पुलिस ने तीनों को इलाज के एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है। घायलों की पहचान बोचहां थाना के रापेरूपे का राजेश राय, नवल राय व कांटी थाना बंगाहीं निवासी चंदन के रूप में हुई है। राजेश की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घायल चंदन ने बताया कि तीनों एक बाइक से बेरौना फतेहुपर स्थित राजेश राय के ससुराल जा रहा था। इसी क्रम में सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद कार सवार सभी लोग भाग निकले।

एनएच जाम करने वालो पर एफआईआर

मुजफ्फरपुर। एनएच 77 को तीन घंटे तक जाम करने के मामले में बीडीओ हरिमोहन कुमार ने एफआईआर दर्ज करायी है। इसमें दस लोगो को नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी हो कि तुर्की निवासी रामु पासवान की पत्नी सुमिन्त्रा देवी को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था। मुआवजे की मांग को लेकर परिजन व ग्रामीणों ने एनएच 77 को जाम कर दिया था।

आतंकियों ने महिला को मारी गोली

जम्मू-कश्मीर। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों ने एक महिला की गोली मार कर हत्या कर दी और एक अन्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला की पहचान यासमीन के रूप में हुई है और वह खोनमोह की रहनेवाली थी। वहीं घायल महिला की पहचान सीर त्राल निवासी रूबी के रूप में हुई है।

एक आतंकी ढ़ेर

इस बीच उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में रविवार सुबह एक आतंकवादी मारा गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिले के अनालवान लंगेट में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने उनके खिलाफ अभियान शुरू किया। सुरक्षा बल जब एक खास इलाके की ओर बढ़ने लगे तब आतंकवादियों ने भारी गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक आतंकवादी मारा गया।

इंटरनेट साक्षरता अभियान से जुड़ी भोजपुर की महिलाएं

स्मार्टफोन और इंटरनेट चलाने का ले रही है प्रशिक्षण

बिहार। बिहार के भोजपुर, कटिहार, किशनगंज, छपरा और अररिया की ग्रामीण युवती व महिलाएं इन दिनों स्मार्टफोन चलाना सीख रही हैं। गूगल की मदद से इंटरनेट का उपयोग कैसे करें, इसकी जानकारी दी जा रही है। सहार में 12 और अगिआंव में 16 इंटरनेट साथी पिछले दो माह से इस काम में जुटी हैं। इन इंटरनेट साथियों की संयोजिका हैं सहार के बरहीं गांव निवासी 34 वर्षीया देवंती देवी।
देवंती बताती है कि हर इंटरनेट साथी को पहले माह में 80 और दूसरे माह में 100 युवतियों व महिलाओं को स्मार्टफोन चलाने के लिए सीखने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। तीसरे माह में 130 को सिखाने का लक्ष्य मिला है। छह माह तक इस प्रोजेक्ट के तहत हर इंटरनेट साथी को 700 युवतियों व महिलाओं मोबाइल चलाना सिखाना है।
डिजिटल साक्षरता अभियान के तहत पहले चरण में मैट्रिक पास 350 लड़कियों और महिलाओं को इंटरनेट साथी बनाया गया है। एक इंटरनेट साथी अपने आसपास के चार गांवों की 400 महिलाओं और लड़कियों को डिजिटल साक्षर बनाएंगी। 350 महिलाओं और लड़कियों को मोबाइल और टैबलेट दिया गया है। ये इंटरनेट साथी लड़कियों को रिजल्ट देखने, रोजगार जानकारी लेने, एप्लीकेशन डाउनलोड करने, बैंकिंग सेवाएं व सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगी।
यह अभियान अभी छपरा, भोजपुर, कटिहार, किशनगंज और अररिया में चल रहा है। शुरुआत एक अगस्त से ही हो चुकी है। इंटरनेट सेवा गूगल दे रही है। वहीं, आर्थिक सहायता टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विसेज दे रहा है। राज्य में इस काम को फिया फाउंडेशन के माध्यम से किया जा रहा है। योजना के तहत राज्य की आठ लाख 40 हजार महिलाओं को डिजिटल साक्षर बनाया जाएगा। यह अभियान छह महीने तक चलेगा।

नशाखुरानी गिरोह का शिकार बना युवक

मुजफ्फरपुर। करजा थाना के खलीलपुर में बेहोशी की हालत में एक युवक मिला है। पुलिस ने युवक को मड़वन पीएचसी में भर्ती कराया। उसकी पहचान सरैया थाना के बहिलवारा पांडेय टोला निवासी शिवशंकर महतो के रूप में हुई है। होश में आने पर उसने पुलिस को बताया कि वह सुबह ट्रेन से मुजफ्फरपुर स्टेशन पर उतरा था। वह दिल्ली में काम करता है। स्टेशन पर एक ऑटो चालक ने उसे पहचान का बताकर घर पहुंचा देने की बात कही। उसके झांसे में आकर वह ऑटो में बैठ गया। रास्ते में नशीला पदार्थ खिलाकर उसका सामान लूट लिया।

इस बार छठ की पूजा नही करेंगे लालू परिवार

बिहार। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी इस बार छठ पूजा नहीं करेंगी। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने स्वयं इस बात की घोषणा की है। अयोध्या में दीपावली मनाए जाने और नोटबंदी को लेकर भाजपा का बिरोध करने के लिए राजद सुप्रीमो ने यह निर्णय लिया है। हालांकि, जानकार बतातें हैं कि राबड़ी देवी की तबीयत ठीक नहीं है और इसी वजह से वह इस बार छठ पूजा नहीं कर पाएंगी।
राजद सुप्रीमो ने शीघ्र ही राजद की ओर से केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ एक और रैली करने के संकेत दिएं हैं। लालू ने नोटबंदी पर प्रहार करते हुए कहा कि सभी के घरों से लक्ष्मी को नष्ट करा दिया गया। इससे देश से लक्ष्मी बाहर चली गईं है और दरिद्रता आ गई। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अयोध्या में दीपावली मनाए जाने पर कहा कि भगवान को भी भाजपा ठग रही है। किसी को कोई पूजा पाठ करने से मना नहीं करता। भगवान भाजपा को सजा देंगे।

बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ अधिकारी शहीद

त्रिपुरा। भारत-बांग्लादेश सीमा के पास हाल में संदिग्ध मवेशी तस्करों के हमले में घायल हुए सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ के एक कमांडर ने आज दम तोड़ दिया। सीमा सुरक्षा बल की 145वीं बटालियन की कमान संभाल रहे दीपक के मंडल सेकंड-इन-कमांड स्तर के अधिकारी थे। घटना में घायल दीपक को 16 अक्तूबर को गंभीर हालत में विमान से कोलकाता ले जाया गया था।
अधिकारी ने आज सुबह करीब पौने 12 बजे अपनी अंतिम सांस ली। दीपक पर उस वक्त हमला हुआ था जब वह भारत-बांग्लादेश सीमा के पास खुलेआम तस्करी के प्रयास को रोकने की कोशिश कर रहे थे। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में बेलारडेप्पा सीमा चौकी के निकट तस्करों ने एक वाहन से अधिकारी को कथित तौर पर टक्कर मार दी थी। करीब 25 तस्करों का समूह ईंट, लाठी एवं हथियारों से लैस था।

पाकिस्तान ने उरी में तोड़ा संघर्षविराम, एक की मौत

सेना
सेना

जम्मू-कश्मीर। बारामूला के कमालकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में सेना के लिए ढुलाई का काम करने वाला एक व्यक्ति मारा गया। कमालकोट इलाके में एलओसी के पास पाकिस्तानी सेना द्वारा बिना किसी उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। सैन्यकर्मियों ने संघर्ष विराम उल्लंघन का करारा जवाब दिया। बहरहाल, सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी गोलीबारी में एक लड़की भी घायल हो गई। उसे उपचार के लिए उरी के एक अस्पताल ले जाया गया।
पाकिस्तान की ओर से इस साल संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं में जबरदस्त बढोतरी हुई है। इससे पहले, 12 अक्टूबर को पाकिस्तानी सेना के संघर्ष विराम उल्लंघन की घटना और पुंछ जिले में एलओसी के पास अग्रिम इलाके में गोलाबारी में सेना का एक जवान और ढुलाई का काम करने वाला एक व्यक्ति मारा गया और छह अन्य घायल हो गए थे ।

सकरा से शराब बरामद, कारोबारी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। सकरा थाना के बरियारपुर ओपी पुलिस ने देर रात जोगनी गंगा स्थित मध्य विद्यालय के पास से शराब के साथ तीन कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कारोबारी का बोलेरो भी जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि मनियारी थाना के माड़ीपुर निवासी शिव शंकर झा, जोगनी गंगा निवासी मिथुन झा व मालीघाट के अशोक पासवान को पुलिस ने शराब के साथ रंगेहाथो गिरफ्तार किया है। ये सभी बोलेरो में बैठकर शराब पी रहे थे। मौके से छह बोतल विदेशी शराब भी बरामद की गई है। मेडिकल जांच में तीनों के शराब पीने की पुष्टि हुई है। मामले में एफआईआर दर्ज कर सभी को कोर्ट में पेश किया गया।