KKN ब्यूरो। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच चुका है। गुरुवार शाम को पाकिस्तान ने एक बड़ा हमला करते हुए जम्मू, पठानकोट, फिरोजपुर, जैसलमेर, माधोपुर और शाहपुर तक रॉकेट, ड्रोन और मिसाइलें दागीं। हालांकि भारतीय सेना और अत्याधुनिक S-400 डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के इस हमले को पूरी तरह से नाकाम कर दिया।
भारतीय सेना ने बयान जारी कर बताया कि पाकिस्तान की ओर से दागी गई सभी मिसाइलों, ड्रोन और रॉकेट को समय रहते नष्ट कर दिया गया और देश के किसी भी एयरबेस या सैन्य प्रतिष्ठान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
ऑपरेशन सिंदूर का जवाब?
पाकिस्तान की यह बौखलाहट “ऑपरेशन सिंदूर” के दूसरे दिन सामने आई है, जिसमें भारत ने पाकिस्तान के HQ-9 एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह तबाह कर दिया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने गुरुवार शाम भारी गोलीबारी और ड्रोन हमलों की शुरुआत कर दी।
कहां-कहां हुए हमले?
- जम्मू: यूनिवर्सिटी के पास दो ड्रोन मार गिराए गए, शहर में ब्लैकआउट किया गया।
- पठानकोट एयरबेस: सुरक्षित, सभी पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलें नष्ट।
- जैसलमेर एयरबेस: एयरबेस के पास पाकिस्तानी ड्रोन को गिराया गया।
- सांबा और सतबारी: मिसाइलों को हवा में ही ध्वस्त कर दिया गया।
- कच्छ, गुजरात: सुरक्षा के मद्देनज़र भुज में ब्लैकआउट किया गया।
भारतीय जवाबी कार्रवाई
भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस दुस्साहसी हरकत का करारा जवाब देते हुए दो F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास पुंछ, सांबा, कठुआ, अखनूर, आरएसपुरा, कुपवाड़ा और तंगधार जैसे इलाकों में भारी गोलीबारी का जवाब दिया जा रहा है।
S-400 बना सुरक्षा कवच
भारत के आधुनिक S-400 ट्रायंफ एयर डिफेंस सिस्टम ने इस पूरे हमले में अहम भूमिका निभाई। सेना के मुताबिक, इस सिस्टम ने पाकिस्तान की ओर से दागी गई 8 मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर हवा में ही नष्ट कर दिया। यह साबित करता है कि भारत की एयर डिफेंस क्षमताएं अब विश्व स्तरीय हो चुकी हैं।
