शरद के नेतृत्व में असली जदयू महागठबंधन के साथ
कौशलेन्द्र झा
मीनापुर, मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दलित-पिछड़ों व अकलियतों से वोट लेकर भाजपा की झोली में डाल दिया। उन्होंने जनादेश का अपमान किया है। इससे जनता में आक्रोश है और आने वाले दिनों में जदयू व भाजपा को सबक सिखाएगी। ये बातें पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरुवार को छपरा हाई स्कूल में आमसभा को संबोधित करते हुए कहीं। वह जनादेश अपमान यात्रा के दौरान मीनापुर पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व भाजपा पर जमकर प्रहार किया।
भाजपा पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि देश में आरक्षण खत्म करने की साजिश रची जा रही है। सामाजिक न्याय की आवाज को कुचलने के लिए झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। विरोधियों की आवाज बंद करने के लिए सीबीआई का इस्तेमाल हो रहा है। किसान कर्ज में डूबे हैं और पीएम मोदी उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर रहे हैं। देश में बेरोजगारी चरम पर है। पाकिस्तान व चीन से युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका से भी संबंध खराब हुए हैं।
मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश का जदयू नकली है। शरद यादव के नेतृत्व में असली जदयू आज भी महागठबंधन के साथ है। अब मुख्यमंत्री को अंतरआत्मा की आवाज क्यों नहीं सुनाई पड़ रही है। उनके उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर पांच केस दर्ज हैं। तीन-चौथाई मंत्री दागी हैं। खुद मुख्यमंत्री पर हत्या और चोरी का केस दर्ज है। भागलपुर में घोटाला हो गया। बिहार की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट हो चुकी है।
बिहार में नीतीश की सरकार अनैतिक: डॉ. रघुवंश
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार में नीतीश की सरकार ही अनैतिक है और आने वाले दिनों में जनता इसे उखाड़ फेंकेगी। कहा कि जनता ने भाजपा के खिलाफ जनादेश दिया था और नीतीश जनादेश का अपमान कर भाजपा की गोद में जाकर बैठ गए हैं। कहा कि भाजपा शासित राज्यों में किसान आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा ने प्रतिवर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन देश में बेरोजगारी बढ़ रही है।
सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मिथलेश यादव ने की और संचालन प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर सहनी ने किया। सभा को विधायक मुन्ना यादव, चंदन यादव, अमरेन्द्र कुमार, पूर्व सांसद सीताराम यादव, विधायक नंदककुमार राय, विधायक लालबाबू राम, अनिल कुमार महतो, पूर्व जिला पार्षद मिथिलेश यादव, जिला पार्षद रघुनाथ राय, जयशंकर यादव, शैल देवी, रामचन्द्र राय, अभिमन्यु यादव, राजगीर राम, अरुण कुमार यादव, जवाहर राम, उर्मिला खातून, सच्चिदानंद कुशवाहा ने संबोधित किया है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.