KKN ब्यूरो। रामपुरहरि थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव के पास सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे अपराधियों ने RJD नेता मिंटू कुमार उर्फ मधेसिया (35 वर्ष) की नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरा इलाका सहम उठा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है और जांच में जुट गई है।
कैसे हुई वारदात? प्रत्यक्षदर्शी ने बताई आंखोंदेखी कहानी
प्रत्यक्षदर्शी विशुनपुर गांव के सुरेश प्रसाद के अनुसार, उन्होंने तीन गोलियों की आवाज सुनी।
- दो गोली तारगेट से चूक गई
- एक गोली सीधे मिंटू के सीने में जा लगी
- मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया
ओवरटेक करके मारी गोली
आरंभिक जांच से पता चला है कि दो हमलावर बाइक से ओवरटेक करके घटना को अंजाम दिया और इसके बाद मुस्तफागंज की ओर भाग निकले। चश्मदीदों के मुताबिक, एक अपराधी ने लाल रंग का स्वेटर पहन रखा था और ऐसा प्रतीत होता है कि वे पहले से ही पीछा कर रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और मृतक का मोबाइल जब्त किया है। एफएसएल की टीम ने भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
रमेश राय पुलिस हिरासत में
घटना के समय मिंटू के साथ बाइक पर पीछे बैठे रमेश राय को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीपीओ अलय वत्स ने खुद मौके पर पहुंचकर जांच का नेतृत्व किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा था।
मोबाइल कॉल बना शक का केंद्र—पत्नी और भाई का दावा
परिवार के अनुसार, सुबह 6:51 बजे मिंटू के मोबाइल पर एक कॉल आया था जिसके बाद उन्होंने घर से निकलने की तैयारी शुरू की। इसके कुछ देर बाद ही रमेश राय उनके घर पहुंचा और दोनों 7:15 बजे एक ही बाइक से निकले। बाइक मिंटू कुमार चला रहा था। घर से कुछ ही किलोमीटर दूर विशुनपुर के पास अपराधियों ने घेरकर मिंटू की हत्या कर दी।
लेन-देन के विवाद में हत्या की आशंका
मृतक के पिता राजमिस्त्री ब्रह्मदेव साह ने पुलिस को बताया कि मिंटू पैसों का लेन-देन करता था और इसी सिलसिले में कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि सारी डिटेल उसकी डायरी में दर्ज है। अगर पुलिस डायरी खंगाले तो सच सामने आ सकता है। हालांकि, विवाद के कुछ अन्य कारण भी दबे स्वर से चर्चा में है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मिंटू तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत के बाद
- मां सुशीला देवी,
- पत्नी चांदनी देवी,
- और 12 वर्ष के कुणाल, 8 वर्ष के कृष और 6 वर्ष के कुंदन बेसहारा हो गया हैं।
गिरफ्तारी की उठी मांग
पूर्व विधायक मुन्ना यादव, जिला पार्षद हिमांशू गुप्ता, मुखिया जयकृष्ण प्रसाद, सामाजिक कार्यकर्ता मो. सदरुल खां समेत कई लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस से तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
एक पखवाड़े में चार हत्याएं— दहशत
रामपुरहरि और मीनापुर थाना क्षेत्र में अपराध लगातार बढ़ रहा है। सिर्फ 15 दिनों में चार हत्याएं—
- 23 नवंबर – दाउदछपरा की पार्वती देवी, हत्या कर शव बांसबाड़ी में फेंका गया।
- 27 नवंबर – मझौलिया के 12 वर्षीय आदित्य राज का शव हजरतपुर की चिमनी में मिला।
- 28 नवंबर – मकसूदपुर के गौतम कुमार (22 वर्ष) की गला दबाकर हत्या।
- 9 दिसंबर – अब RJD नेता मिंटू कुमार की सरेआम गोली मारकर हत्या।
लगातार हो रही वारदातों ने लोगों में भय और आक्रोश पैदा कर दिया है।
Discover more from
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
