Home Entertainment याद आयेंगे ऋषि!

याद आयेंगे ऋषि!

कहते हैं कि इंसान दुनिया से रुखसत हो जाता है और पीछे बस उसकी कही बातें और किस्से यादों के रूप में रह जाते हैं। वे इच्छाएं और सपने रह जाते हैं जो पूरे ही नहीं हो पाते। ऋषि कपूर का भी कोरोना के खिलाफ जारी जंग जीतना एक इच्छा थी और उनका आखिरी ट्वीट भी इसी विषय पर था।

कोरोना महामारी के बीच वे लगातार लोगों से घरों में ही रहने की अपील करते रहते थे।

उन्होने 2 अप्रैल की शाम को आखिरी ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, “मेरी हर धर्म और जाति के सभी भाइयों और बहनों से हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि कृपया हिंसा ना करें। डॉक्टरों, नर्सों, पुलिसकर्मियों और मेडिकल स्टाफ पर न तो पत्थर फेंके और न ही मारे-पीटें। वे सभी अपनी जिंदगियां खतरे में डालकर आपको बचा रहे हैं, हमें मिलकर कोरोना से इस जंग को जीतना है”। 

बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता ऋषि कपूर का 67 वर्ष की उम्र में गुरूवार को मुंबई के एच.एन रिलायंस हॉस्पिटल में निधन हो गया। उन्हें बुधवार को मुंबई के एच.एन रिलायंस हॉस्पिटल में तबियत बिगड़ने की वजह से भर्ती कराया गया था। एक्टर इरफान खान के बाद बालीवुड​ फिल्म इंडस्ट्री को एक और बड़ा झटका लगा है।

ऋषि कपूर का जन्म 4 सितम्बर, 1952 को मुंबई के चेंबूर में हुआ। वे बॉलीवुड के शो मैन यानी राज कपूर के बेटे थे। उन्हे लोग चिंटू के नाम से भी जानते थे। ऋषि कपूर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कैंपियन स्कूल, मुंबई से की और उसके बाद आगे की पढ़ाई मेयो कॉलेज अजमेर से पूरी की। इसके बाद उनहोंने बतौर बाल कलाकर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ से साल 1970 में की थी।

ऋषि कपूर एक भारतीय फिल्म अभिनेता के साथ फिल्म निर्माता भी थे। वे अपने जमाने के चॉकलेटी हीरो के रूप में जाने जाते थे। वे एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते थे, जिसने बॉलीवुड में बहुत ही महत्‍वपूर्ण योगदान दिया है। ऋषि कपूर ने अपने फ़िल्मी करियर में बहुत सी फ़िल्में की और इस दौरान उन्होंने कई अवार्ड भी अपने नाम किये। उन्हें बॉबी फिल्म के लिए 1974 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार मिल चुका है। वहीं साल 2008 में ऋषि कपूर को फिल्म फेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी नवाजा गया। आज वे बेशक हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनकी यादे हमेसा हमारे साथ रहेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version