Home Bihar Muzaffarpur बिहार को विकसित राज्य बनाना है: नीतीश कुमार

बिहार को विकसित राज्य बनाना है: नीतीश कुमार

मीनापुर से 2025 की चुनावी यात्रा की शुरुआत, बोले- एक करोड़ युवाओं को देंगे रोजगार

KKN ब्यूरो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को मीनापुर स्टेडियम से आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की चुनावी सभाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अगले पांच सालों में बिहार को देश के शीर्ष 10 विकसित राज्यों की सूची में शामिल कराना उनका लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा—“राज्य को उद्योग का हब बनाना है और एक करोड़ युवाओं को रोजगार से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने इस मौके पर जेडीयू उम्मीदवार अजय कुमार (मीनापुर) और रमा निषाद (औराई) के लिए वोट मांगे।

मुजफ्फरपुर में 10 बड़ी परियोजनाएं जारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में इस समय 430 से अधिक विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें 10 परियोजनाएं केवल मुजफ्फरपुर जिले में हैं।
उन्होंने कहा कि रिंग रोड, आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) और चंदवारा पुल जैसे कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
साथ ही, अमर शहीद बैकुंठ शुक्ला के नाम पर बैरिया बस स्टैंड के निर्माण की घोषणा भी की।

मीनापुर में विकास की झलक

नीतीश कुमार ने बताया कि मीनापुर में अब तक:

  • दो हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण

  • पांच प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण

  • 463 ग्रामीण सड़कों का पक्कीकरण

  • दो बिजली सब-स्टेशन का निर्माण

  • बूढ़ी गंडक नदी पर कटावरोधी कार्य पूरा किया जा चुका है।

महिलाओं को सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण की अपनी नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि “हमने पंचायतों में 50% और सिपाही भर्ती में 35% आरक्षण देकर महिलाओं को सशक्त बनाया।”
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 1.21 करोड़ महिलाओं के खाते में ₹10,000 की सहायता राशि दी जा चुकी है, जबकि बेहतर कार्य करने वालों को आगे ₹2 लाख तक का प्रोत्साहन मिलेगा।

केंद्र सरकार की सराहना, परिवारवाद पर कटाक्ष

नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार को विशेष आर्थिक पैकेज मिलने से विकास कार्यों में तेजी आई है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए बिना नाम लिए कहा—“कुछ लोग राजनीति को परिवार तक सीमित कर देते हैं। उन्हें मौका मिला तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। लेकिन हमने राज्य की आधी आबादी को सशक्त करने का काम किया।”

अल्पसंख्यकों और धार्मिक स्थलों के लिए पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने मदरसा शिक्षकों को सरकारी मान्यता, कब्रिस्तान की घेराबंदी, और अब 60 साल से पुराने मंदिरों की चारदीवारी योजना शुरू की है।
उन्होंने कहा, “हमारे आने से पहले बिहार में अपहरण और नरसंहार का दौर था, आज कानून का राज कायम है।”

बिजली और सौर ऊर्जा पर फोकस

नीतीश कुमार ने बताया कि आने वाले पांच सालों में पूरे बिहार में सोलर सिस्टम लगाने की योजना है, जिससे ग्रामीण इलाकों में बिजली की निर्भरता घटेगी।

जदयू में शामिल हुए पंचायत प्रतिनिधि

सभा के दौरान जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने पंचायत समिति सदस्य अमित कुमार और उनके समर्थकों को पार्टी में शामिल कराया।
अमित कुमार ने कहा—“मुख्यमंत्री के विकास कार्यों से प्रभावित होकर हम जदयू में शामिल हुए हैं और उम्मीदवार की जीत के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।” इससे पहले मीनापुर के जदयू प्रत्यासी अजय कुमार ने बूढ़ी गंडक नदी पर चांदपरना पुल बनाने की मुख्यमंत्री से मांग की।

सभा में मौजूद रहे कई दिग्गज नेता

सभा की अध्यक्षता हरिमोहन चौधरी ने की। मंच पर संजय झा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जयसवाल, केंद्रीय मंत्री राजभूषण निषाद, सांसद वीणा देवी, देवेशचंद्र ठाकुर, पूर्व सांसद रामकुमार ठाकुर, पूर्व मंत्री दिनेश प्रसाद, लोजपा जिला अध्यक्ष चुलबुल शाही, हरिओम कुशवाहा, अनुपम कुमार, प्रभू कुशवाहा, अशोक झा, सदरुल खां, चन्द्रिका साह, अजय सहनी और हिमांशु गुप्ता जैसे कई नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन रामबाबू सिंह कुशवाहा ने किया।

KKN लाइव WhatsApp पर भी उपलब्ध है, खबरों की खबर के लिए यहां क्लिक करके आप हमारे चैनल को सब्सक्राइब कर सकते हैं।

Previous articleगोवर्धन असरानी के अंतिम संस्कार के बाद मिली, लोगों को जानकारी
Next articleबिहार में आज और आने वाले दिनों में क्या रहेगा मौसम का हाल?
कौशलेन्द्र झा, KKN Live की संपादकीय टीम का नेतृत्व करते हैं और हिन्दुस्तान (हिन्दी दैनिक) में नियमित रूप से लेखन करते हैं। बिहार विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव अर्जित किया है। वे प्रातःकमल और ईटीवी बिहार-झारखंड सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं। सामाजिक सरोकारों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है—वे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संघ (भारत) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और “मानवाधिकार मीडिया रत्न” सम्मान से सम्मानित किए गए हैं। पत्रकारिता में उनकी गहरी समझ और सामाजिक अनुभव उनकी विश्लेषणात्मक लेखन शैली को विशिष्ट बनाते हैं

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version